कुंभ मेला एसएसपी आयुष अग्रवाल ने हरकी पैड़ी क्षेत्र का किया निरीक्षण

कलयुग दर्शन (24×7)
पारस कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। कुंभ मेला एसएसपी आयुष अग्रवाल ने शुक्रवार को हरकी पैड़ी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संजय पुल, कांगड़ा पुल, भागीरथी पुल और मालवीय द्वीप का भ्रमण कर आगमन एवं निकासी मार्गों की व्यवस्थाओं को देखा। इसके साथ ही एसएसपी ने हरकी पैड़ी के समीप पंतद्वीप, कांगड़ा और सोल क्षेत्रों में बनाए जाने वाले होल्डिंग क्षेत्रों के लिए चिन्हित भूमि का भी निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात पुलिस अधीक्षक बिपेंद्र सिंह और कुंभ मेला इंस्पेक्टर हितेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के बाद एसएसपी आयुष अग्रवाल ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेले के दौरान घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और स्नान के बाद उनकी सुरक्षित वापसी के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भीड़ के बढ़ते दबाव को नियंत्रित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुदृढ़ और व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।



