उत्तराखंड

ड्यूटी जाते युवक से मारपीट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिली सफलता, वारदात में इस्तेमाल दो बाइक बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रानीपुर कोतवाली पुलिस ने ड्यूटी जाते युवक को रास्ते में घेरकर मारपीट और धमकी देने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को मोहित चौधरी निवासी शिवालिक नगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह बीएचईएल ड्यूटी के लिए जा रहा था। सेक्टर-5 स्थित खोखा मार्केट के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार युवकों ने उसे रोककर लाठी-डंडों और बेल्ट से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सुरागरसी-पतारसी के बाद पुलिस टीम ने न्यू टिहरी विस्थापित आर्मी ग्राउंड, गुजर बस्ती क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि संदीप वर्मा नामक व्यक्ति से उनका संपर्क हुआ था। आरोप है कि संदीप ने मोहित से पुराने विवाद के चलते उसे रास्ते में रोककर डराने-धमकाने और मारपीट करने के लिए कहा था। इसके एवज में उन्हें तीन हजार रुपये दिए गए थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरविंदर सिंह उर्फ बाबी उर्फ पहलवान, आकाश, ऋषभ और हिमांशु के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मामले में पांचवें आरोपी की तलाश और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर चालान कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button