उत्तराखंड

एआरटीओ कार्यालय रोशनाबाद का संयुक्त निरीक्षण, अनधिकृत गतिविधियों पर सख्ती

कलयुग दर्शन (24×7)

संदीप कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने शनिवार को एआरटीओ कार्यालय परिसर, रोशनाबाद का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालय के विभिन्न अनुभागों एवं पटलों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों व पंजिकाओं के रखरखाव, लंबित प्रकरणों, ई-ऑफिस व्यवस्था, साफ-सफाई तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभिलेख अद्यतन रखने तथा जनता से जुड़े मामलों का पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान कार्यालय परिसर एवं उसके आसपास अनधिकृत रूप से संचालित ढाबे तथा कुर्सी-मेज लगाकर बैठे लोगों को हटाया गया। परिसर के बाहर अनावश्यक रूप से एकत्र लोगों को भी वहां से हटाकर कार्यालय एवं आसपास की व्यवस्था को सुव्यवस्थित कराया गया।

अधिकारियों ने संबंधित लोगों को सख्त चेतावनी दी कि बिना किसी वैध कार्य के एआरटीओ कार्यालय परिसर अथवा उसके आसपास अनावश्यक रूप से न बैठें और न ही किसी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि में शामिल हों। भविष्य में बिना कार्य के परिसर में पाए जाने या अनधिकृत गतिविधि करते हुए पकड़े जाने पर नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालय परिसर में अनुशासन एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से अपील की गई कि परिवहन विभाग से संबंधित कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्वयं कराएं और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति अथवा बिचौलिए के संपर्क में न आएं।

Related Articles

Back to top button