उत्तराखंड

रुड़की में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

रामनगर स्थित राम मंदिर में पूर्व मेयर गौरव गोयल ने की पूजा-अर्चना

कलयुग दर्शन (24×7)

रजत कुमार (संवाददाता)

रुड़की। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व रुड़की नगर में श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। जन्माष्टमी को लेकर नगर के विभिन्न मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। दिनभर मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था प्रकट की और उपवास रखा। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की सुंदर झांकियां सजाई गईं। जगह-जगह छोटे-छोटे बच्चे राधा-कृष्ण के स्वरूप में नजर आए, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। नगर के रामनगर स्थित राम मंदिर को भी भव्य रूप से सजाया गया। मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

शाम के समय जन्माष्टमी समारोह में अपने मित्रों के साथ पहुंचे पूर्व मेयर गौरव गोयल ने भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर समिति की ओर से उनका पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। वहीं, लालकुर्ती स्थित खाटू श्याम मंदिर में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। यहां भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भजन गायक दिपांशु उपाध्याय ने देर रात तक भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर भगवान श्रीकृष्ण का गुणगान किया। धार्मिक आयोजनों के दौरान पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में नजर आया।

Related Articles

Back to top button