शिक्षित बच्चे राष्ट्र निर्माण में देते हैं योगदान
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने बच्चों को निःशुल्क पाठ्य सामग्री वितरित की

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
रुड़की। रहमानिया हाई स्कूल में पूर्व मेयर गौरव गोयल ने सैकड़ों छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य सामग्री और कॉपियां वितरित कीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा परिवार और समाज के विकास के साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शिक्षित बच्चे ही आदर्श समाज के निर्माण में अपना योगदान देते हैं। गौरव गोयल ने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव होती है। शिक्षा के क्षेत्र में सेवा करना उनके लिए महत्वपूर्ण है, ताकि बच्चे आगे बढ़कर समाज के विकास में योगदान दे सकें। विद्यालय के प्रधानाचार्य मौलाना अजहरूल हक ने कहा कि पूर्व मेयर गौरव गोयल बिना किसी भेदभाव के बच्चों को निःशुल्क शैक्षिक सामग्री वितरित कर सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षित विद्यार्थी समाज में प्रेम, सद्भाव और आदर्शों को मजबूत बनाते हैं। बच्चों की शैक्षिक उन्नति के लिए सभी को आगे आना चाहिए।

इस अवसर पर काजी नसीम अहमद, अता साबिर अफजल, अजरा तबस्सुम, शहजाद अली, इसरार अहमद, फरहत नूर खान, जावेद अरशद, फरहत अंसारी, रिदा खान, कारी महमूद, कारी एहतेशाम, अब्दुल रब, अंसार अली, मुबाशिर अली और कारी शाबान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



