रंजीता झा ने रामलीला कार्यक्रमों में की सहभागिता
प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का किया आह्वान, महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। भाजपा नेत्री एवं संकल्प सेवा परमोधर्म ट्रस्ट की संस्थापक अध्यक्ष रंजीता झा ने हरिदर्शन रामलीला समिति द्वारा आयोजित रामलीला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने फीता काटकर तथा भगवान श्री गणेश की आरती कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समिति के पदाधिकारियों ने पटका पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। अपने संबोधन में रंजीता झा ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन सत्य, त्याग, कर्तव्य और मर्यादा का प्रतीक है। सभी को उनके आदर्शों को अपनाकर परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रामलीला जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन सनातन संस्कृति और नैतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संकल्प सेवा परमोधर्म ट्रस्ट द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। साथ ही आगामी 27 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले चतुर्थ करवाचौथ मेहंदी महोत्सव में सनातनी महिलाओं को आमंत्रित करते हुए कहा कि इस आयोजन में बेटियों को अपनी मेहंदी कला और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर ट्रस्ट के सचिव तरुण कुमार शुक्ल, जितेंद्र कुमार शुक्ल, शौर्य झा, रिदम झा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रंजीता झा ने आमंत्रित कर सम्मान देने के लिए रामलीला समिति के पदाधिकारियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
सेक्टर-4 की नटराज रामलीला में भी हुईं शामिल
रंजीता झा ने हरिद्वार के सेक्टर-4 में नटराज रामलीला समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी सहभागिता की। समिति के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों के प्रचार-प्रसार और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के प्रयासों की सराहना की। दोनों आयोजनों में उनकी सहभागिता ने सनातन परंपराओं के संरक्षण, सामाजिक समरसता और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।



