उत्तराखंड

हरिद्वार में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू, 7 नवंबर तक चलेगा अभियान

हरकी पौड़ी से सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने किया शुभारंभ, पहले दिन दो कुंतल कूड़ा एकत्रित

कलयुग दर्शन (24×7)

दीपक कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और तीर्थनगरी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में बुधवार को हरकी पौड़ी से मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में अभियान का शुभारंभ हुआ। इसमें श्रीगंगा सभा, नगर निगम, स्वयंसेवी संस्थाओं और संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। अभियान के तहत गंगा घाटों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की जा रही है। यह अभियान 7 नवंबर तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा।

पहले दिन अभियान के दौरान लगभग दो कुंतल सूखा एवं गीला कूड़ा एकत्रित किया गया। सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि हरिद्वार विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी है, जहां देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने आते हैं। गंगा की पवित्रता बनाए रखने और धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने सभी से अभियान में सहयोग करने की अपील की। राज्य मंत्री एवं श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने कहा कि तीर्थनगरी की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने धार्मिक संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की ने भी लोगों से नगर निगम द्वारा संचालित स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वयंसेवी संस्थाओं, संत समाज, औद्योगिक इकाइयों और आमजन से अभियान को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है। इस अवसर पर श्रीगंगा सभा से वीरेंद्र कौशिक, अनुराग सरदार, हिमांशु, अनुराग सहित नगर निगम के पर्यावरण मित्र, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button