1200 ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ आरोपी गिरफ्तार
कलयुग दर्शन (24×7)
संदीप कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। जनपद में नशा तस्करी के विरुद्ध चल रहे सख्त अभियान के तहत पथरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई, जिसे पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार दिनांक 19 फरवरी 2026 की रात चैकिंग अभियान के दौरान फेरुपुर से बदरपुर जट मार्ग पर ट्यूबवेल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने मौके से आरोपी प्रमोद कुमार (38 वर्ष), निवासी ग्राम इक्कड़ कला, थाना पथरी को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी में Acetaminophen, Tramadol HCI एवं Dicyclomine HCI के कुल 1200 कैप्सूल, एक स्कूटी और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन शामिल हैं।

आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं पथरी थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर नशा तस्करी के नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। वहीं यह पूरी कार्रवाई हरिद्वार जनपद में नशा तस्करी के विरुद्ध चल रहे विशेष अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत पुलिस लगातार चैकिंग और धरपकड़ अभियान चला रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम व०उ०नि यशवीर सिंह नेगी, उ०नि विपिन कुमार (प्रभारी चौकी फेरुपुर), का० नरेश बहुगुणा, का० जयपाल चौहान व का० रविन्द्र बिष्ट शामिल हैं।



