उत्तराखंडदुखददुर्घटना

आकाशीय बिजली गिरने से महिला समेत 2 की मौत, दो घायल

कलयुग दर्शन (24×7)

विजय कुमार, विक्की (संवाददाता)

हरिद्वार। लक्सर के हुसैनपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौके पर मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब खेत में काम कर रही तीन महिलाएं बारिश से बचने के लिए आम के पेड़ के नीचे खड़ी थीं। उधर क्षेत्र के जैनपुर गांव में भी बिजली गिरने से एक 22 वर्ष के युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मुटकाबाद गांव निवासी भोली (45 वर्ष), पत्नी पवन, गांव की ही दो अन्य महिलाओं-आसबती और बालेश के साथ शुक्रवार सुबह हुसैनपुर गांव के पास एक खेत में गन्ने की फसल की निराई-गुड़ाई करने गई थीं। करीब साढ़े आठ बजे अचानक मौसम बिगड़ गया और बारिश शुरू हो गई।

बारिश से बचने के लिए तीनों महिलाएं खेत में खड़े एक आम के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भोली पेड़ की एक ओर जबकि आसबती और बालेश दूसरी ओर खड़ी थीं। तभी तेज चमक और गड़गड़ाहट के साथ बिजली सीधे भोली पर गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसबती और बालेश घबरा गईं और शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और गांव में सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) लक्सर को सूचना दी।

लक्सर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतका के परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज गैरोला ने बताया कि मुटकाबाद निवासी भोली नामक महिला पर आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत हो गई है महिला के शव को कब्जे में ले कर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। जैनपुर गांव में भी बिजली गिरने से एक 22 वर्ष के युवक की मौत हो गई।

[metaslider id="7337"]


[banner id="7349"]

Related Articles

Back to top button