सहारनपुर पुलिस ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर किया श्रद्धांजलि कार्यक्रम
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दिलाई राष्ट्र और समाज सेवा की शपथ

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
सहारनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर आज रिजर्व पुलिस लाइन सहारनपुर स्थित क्वार्टर गार्द पर एक गरिमामय श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर आशीष तिवारी द्वारा की गई, वहीं पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सहारनपुर सागर जैन की उपस्थिति में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष तिवारी ने गांधी जी एवं शास्त्री जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके जीवन आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा, शांति और सरलता का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना उनके जीवनकाल में था। वहीं लाल बहादुर शास्त्री का ‘‘जय जवान-जय किसान’’ का उद्घोष हमें राष्ट्रनिर्माण और आत्मनिर्भरता का मार्ग दिखाता है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जैसे महापुरुषों के त्याग, तपस्या और देशभक्ति से हमें सदैव प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का कर्तव्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं है, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और शांति स्थापित करना भी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह शपथ दिलाई गई कि वे अपने व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में सत्य, ईमानदारी और सेवा भाव को अपनाते हुए राष्ट्रहित में सदैव समर्पित रहेंगे तथा समाज में भाईचारा, सौहार्द और एकता बनाए रखने में योगदान देंगे। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच मिष्ठान वितरण किया गया और राष्ट्रीय पर्व को उत्साह एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया।
[banner id="7349"]



