राजकमल कॉलेज में मनाया राष्ट्रीय विज्ञान दिवस

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। भारत के महान वैज्ञानिक एवं नोबेल पुरस्कार से सम्मानित भौतिक शास्त्री सीवी रमन द्वारा की गई ‘रमन प्रभाव’ की ऐतिहासिक खोज की स्मृति में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। यह दिवस विज्ञान के क्षेत्र में भारत के योगदान को स्मरण करने तथा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। इसी क्रम में राजकमल साइंस एंड मैनेजमेंट कॉलेज बहादराबाद में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस विज्ञान में महिलाएं विकसित भारत को गति देने वाली” विषय पर उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सेमिनार, संगोष्ठी, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, पोस्टर प्रस्तुति एवं विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान मानव जीवन को सरल, सुरक्षित एवं समृद्ध बनाने का आधार है। दैनिक जीवन में उपयोग की जाने वाली तकनीकों के विकास हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

आज का युग विज्ञान और प्रौद्योगिकी का युग है, ऐसे में विज्ञान राष्ट्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस हमें विज्ञान के प्रति जागरूकता फैलाने और मानव कल्याण के लिए किए गए प्रयासों को सम्मानित करने की प्रेरणा देता है। मुख्य वक्ता डॉ. दीक्षा चौहान प्रवक्ता, भौतिक विज्ञान राजकमल कॉलेज ने कहा कि केवल विज्ञान का अध्ययन पर्याप्त नहीं है, बल्कि वैज्ञानिक सोच विकसित करना अधिक आवश्यक है। उन्होंने संसाधनों के समुचित उपयोग, तार्किक दृष्टिकोण एवं नवाचार की भावना पर बल दिया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को विज्ञान के प्रति आकर्षित करना तथा समाज को वैज्ञानिक उपलब्धियों के प्रति सजग बनाना ही राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का मूल उद्देश्य है। इस अवसर पर कार्यक्रम में श्रीमती राजेश देवी सचिव राजकमल कॉलेज, तथा महाविद्यालय के प्रबंध समिति सदस्य दुष्यंत प्रताप, नितिन चौहान आदि व प्रवक्तागण डॉ.नीरज शर्मा, डॉ. अनिरुद्ध कुमार, प्रवीण कुमार, अजय कुमार, विनीत कुमार, सिया पाल, इशिका पंडित, नैनसी चौहान, नितिन शर्मा, अरबाब राव, प्रिया सैनी, रवि कुमार, फ़िज़ा राव, राजदेव रावत, स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों सहित कई लोग उपस्थित रहे।
[banner id="7349"]



