बैशाखी स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालु, हरकी पैड़ी समेत तमाम गंगा घाटों पर लगायी आस्था की डुबकी

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। बैशाखी पर देश भर से आए लाखों श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी समेत तमाम गंगा घाटों पर स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। वैशाखी स्नान और सद्भावना सम्मेलन को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने मेला क्षेत्र को 10 जोन और 33 सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा और यातायात के कड़े इंतजाम किए थे। घाटों और मेला क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पीएसी, बीडीएस, और जल पुलिस के जवानों की तैनाती की गयी थी। यातायात के सुचारू संचालन के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती भी की गयी थी।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह और सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी समेत सभी अधिकारी मौके पर तैनात रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। स्नान का सिलसिला मंगलवार तड़के से शुरू हो गया था और दिन भर चलता रहा। श्रद्धालुओं ने गंगा मैया की जय के जयकारों के साथ आस्था की डुबकी लगाकर सूर्य को अर्द्धय अर्पित किया। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्र से आयी देव डोलियों को भी हरकी पैड़ी पर स्नान कराया गया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मनसा देवी, चंडी देवी, मायादेवी आदि पौराणिक मंदिरों में दर्शन पूजन परिवारों के लिए मंगल कामना की।



