हरिद्वार में ग्राम स्तर पर शुरू हुई वर्चुअल जनसुनवाई, 25 मिनी सचिवालय स्थापित
अब ग्रामीण सीधे गांव से ही रख सकेंगे जिलाधिकारी के सामने अपनी समस्या

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जनपद में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नई पहल शुरू की गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में ग्राम पंचायत स्तर पर मिनी सचिवालय स्थापित किए गए हैं, जिन्हें वर्चुअल माध्यम से जिला मुख्यालय से जोड़ा गया है। इस व्यवस्था का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने किया। हरिद्वार देश का पहला जनपद बन गया है जहां पंचायत स्तर पर वर्चुअल जनसुनवाई शुरू हुई है। अब हर सोमवार ग्रामीण अपने गांव के मिनी सचिवालय से सीधे जिलाधिकारी से जुड़कर समस्याएं रख सकेंगे, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।

जनपद में कुल 25 मिनी सचिवालय स्थापित किए गए हैं। हाल ही में आयोजित जनसुनवाई में 42 शिकायतें आईं, जिनमें से 21 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि बाकी मामलों को संबंधित विभागों को भेजा गया। प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। यह पहल ग्रामीण प्रशासन को मजबूत करने के साथ पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।



