चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले की तैयारियों के बीच हरिद्वार में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई
जिलाधिकारी के निर्देश पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में उप जिलाधिकारी मुख्यालय एवं नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में ललतारौ पुल से अपर रोड क्षेत्र तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान में नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने भाग लिया।

अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए खोखों, ठेलियों तथा अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। प्रशासन की कार्रवाई से मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने का कार्य किया गया, जिससे यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम हो सके। प्रशासन ने बताया कि चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है।

मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर को व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।





