उत्तराखंड

ज्वालापुर प्रकरण में विभिन्न संगठनों ने एसएसपी से की निष्पक्ष जांच की मांग, सौंपा ज्ञापन

कलयुग दर्शन (24×7)

दीपक झा (संवाददाता)

हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में संविधान-विरोधी नारे लगाए जाने तथा मस्जिद में नमाज अदा करने से रोकने के आरोपों को लेकर सोमवार को विभिन्न सामाजिक एवं बहुजन संगठनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा, बामसेफ से जुड़े विभिन्न संगठन, बहुजन क्रांति मोर्चा, चमार-वाल्मीकि महासंघ, बहुजन मुक्ति पार्टी तथा राष्ट्रीय क्रिश्चियन मोर्चा के प्रतिनिधि शामिल रहे। संगठनों ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति या संगठन द्वारा कानून को अपने हाथ में लेकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा किसी नागरिक के संवैधानिक एवं धार्मिक अधिकारों में अवैध हस्तक्षेप करने का प्रयास किया गया है, तो पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

इस अवसर पर राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव डॉ. राव फ़ाज़िल मरगूब, बहुजन क्रांति मोर्चा के जिला अध्यक्ष महीपाल सिंह, चमार-वाल्मीकि महासंघ के अध्यक्ष भंवर सिंह, महानगर अध्यक्ष नानक चंद पटेल, बहुजन मुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय संगठन सचिव संजय कुमार तथा राष्ट्रीय क्रिश्चियन मोर्चा के जिला अध्यक्ष पास्टर नरेश कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। डॉ. राव फ़ाज़िल मरगूब ने कहा कि संविधान, कानून के शासन और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए विभिन्न संगठनों का एक मंच पर आना सकारात्मक संदेश है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की अपेक्षा जताई। वहीं, चमार-वाल्मीकि महासंघ के अध्यक्ष भंवर सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार और धार्मिक स्वतंत्रता प्रदान करता है। यदि कोई व्यक्ति संविधान और कानून से ऊपर उठकर किसी के अधिकारों का हनन करता है, तो उसके विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

Related Articles

Back to top button