दो सप्ताह से जेई अवकाश पर, ज्वालापुर बिजली उपखंड में नए कनेक्शन और लोड वृद्धि के कार्य ठप

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। ज्वालापुर विद्युत वितरण खंड के द्वितीय उपखंड में तैनात अवर अभियंता (जेई) के लगभग दो सप्ताह से अवकाश पर रहने के कारण ऊर्जा निगम की कार्यप्रणाली प्रभावित हो गई है। नए विद्युत कनेक्शन, विद्युत भार (लोड) वृद्धि तथा अन्य तकनीकी अनुमोदनों से जुड़े अनेक आवेदन लंबित पड़े हैं। ऑनलाइन पोर्टल पर जेई की रिपोर्ट अपलोड न होने से दर्जनों फाइलें आगे नहीं बढ़ पा रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं को विभागीय कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ज्वालापुर विद्युत वितरण खंड के अंतर्गत आने वाले द्वितीय उपखंड में तैनात जेई मुकेश रवि पिछले करीब दो सप्ताह से अवकाश पर हैं। विभाग द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने के बावजूद ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी तरह सुचारु नहीं हो सकी है।

नए बिजली कनेक्शन, लोड वृद्धि और अन्य तकनीकी स्वीकृतियों से संबंधित कई आवेदन जेई की ऑनलाइन रिपोर्ट के अभाव में लंबित हैं। इसका सबसे अधिक असर उन उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है, जिन्हें तत्काल नए बिजली कनेक्शन या विद्युत भार बढ़ाने की आवश्यकता है। प्रतिदिन कई उपभोक्ता कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन फाइलों का निस्तारण नहीं होने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता, ज्वालापुर रवि कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी विभाग को है। लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि उपभोक्ताओं को अधिक समय तक परेशानी नहीं होने दी जाएगी और जल्द ही सभी लंबित मामलों का समाधान कराया जाएगा।



