उत्तराखंड

कांवड़ मेले की तैयारियों का मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने किया स्थलीय निरीक्षण

कलयुग दर्शन (24×7)

अवधेश भूमिवाल (संवाददाता)

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंडल आयुक्त ने मार्ग पर चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा शिवभक्तों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि जिला प्रशासन कांवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है।

शिवभक्तों की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण की जा रही हैं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक संख्या में कांवड़ यात्रियों के आने की संभावना है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से कार्य करें। इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंडल आयुक्त को कांवड़ मेले के दृष्टिगत विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी योगेश कुमार, तहसीलदार सचिन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button