भाजपा छोड़ प्रमोद खारी ने लकसर से चुनाव लड़ने का किया ऐलान

कलयुग दर्शन (24×7)
रजत कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। देवभूमि अधिकार मंच के संयोजक प्रमोद खारी ने भाजपा से इस्तीफा देने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में लकसर सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की है। प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के समक्ष लगातार जनसमस्याएं उठाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे आहत होकर उन्होंने दुखी मन से भाजपा छोड़ने का निर्णय लिया। प्रमोद खारी ने आरोप लगाया कि उन्होंने स्थानीय सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के समक्ष भी क्षेत्र की समस्याएं रखीं, लेकिन वहां से भी अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने कहा कि वह राजनीति में केवल जनसेवा के उद्देश्य से आए हैं, लेकिन सरकार और शासन जनहित के मुद्दों के प्रति गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि लक्सर क्षेत्र की जनता की समस्याओं से शासन-प्रशासन को लगातार अवगत कराया गया, लेकिन समाधान के बजाय केवल आश्वासन ही मिले।

खारी ने कहा कि डबल इंजन सरकार में भी लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं होना सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी पद या टिकट की लालसा नहीं है। जनता के आशीर्वाद के भरोसे वह आगामी विधानसभा चुनाव लकसर सीट से लड़ेंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रमोद खारी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे के दौरान प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। इस अवसर पर उनके साथ मौजूद भाजपा नेता नमन गोस्वामी ने भी भाजपा छोड़ने की घोषणा की।



