उत्तराखंड

पीलीभीत हाउस होटल निर्माण स्थल पर बड़ा हादसा, मार्बल के पत्थरों में दबे मजदूर और ठेकेदार

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। पीलीभीत हाउस होटल निर्माण स्थल पर देर रात राजस्थान से लाई गई मार्बल की खेप उतारते समय अचानक पत्थरों का ढेर खिसक गया। हादसे में मजदूर और ठेकेदार पत्थरों के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि भरतपुर, राजस्थान निवासी मजदूर करण (30) मार्बल उतारने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक पत्थरों का ढेर खिसक गया और करण उसके नीचे दब गया। उसे बचाने पहुंचे ठेकेदार इमरान (45) भी हादसे की चपेट में आकर पत्थरों के नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को पत्थरों के बीच से बाहर निकाला गया। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोटों के चलते उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।

दोनों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आने की बात सामने आई है। ठेकेदार इमरान हरिद्वार की विष्णु लोक कॉलोनी, बीएचईएल सेक्टर-1 के निवासी बताए गए हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों का आरोप है कि घटना के समय आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे, जबकि होटल की ओर से कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना के कारणों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।

Related Articles

Back to top button