उत्तराखंड

छात्राओं ने एसएसपी को बांधा रक्षा सूत्र, पढ़ाई और करियर को लेकर दिए टिप्स

कलयुग दर्शन (24×7)

संदीप कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। देवभूमि इंटरनेशनल स्कूल की नन्हीं छात्राओं ने रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह से मुलाकात कर उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और पर्व की शुभकामनाएं दीं। बृहस्पतिवार को स्कूल की छात्राएं शिक्षिकाओं के साथ एसएसपी कैंप कार्यालय पहुंचीं। छात्राओं ने एसएसपी को चंदन का तिलक लगाकर रक्षा सूत्र बांधा। इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मिठाई खिलाई और उनकी पढ़ाई तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्राओं को बेहतर करियर बनाने के लिए मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया का नियंत्रित और सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया।

एसएसपी ने कहा कि छात्राएं देश और समाज का भविष्य हैं। शिक्षा के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित होना भी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं, ब्रह्मकुमारी संस्था की प्रतिनिधियों ने भी एसएसपी नवनीत सिंह से भेंट कर उनकी कलाई पर राखी बांधी और रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सौहार्द और भाई-बहन के प्रेम का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button