उत्तराखंड

एसआईआर अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन एवं भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने बताया कि अभियान के तृतीय चरण में दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई बीएलओ एवं एईआरओ के माध्यम से की जा रही है।

प्राप्त आपत्तियों के संबंध में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान में सभी राजनीतिक दलों का सहयोग प्राप्त हो रहा है। वर्तमान में जारी किए गए नोटिसों के संबंध में भी बीएलओ एवं एईआरओ स्तर पर नियमानुसार दावे-आपत्तियों की सुनवाई की जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के मतदाताओं से अपील की कि यदि किसी मतदाता को एसआईआर अभियान से संबंधित किसी प्रकार की समस्या या परेशानी हो तो वह अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर समस्या का समाधान करा सकता है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से पृथक नहीं किया जाएगा।

बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एसआईआर अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, सीपीआई के राजीव शर्मा, कांग्रेस के चंद्रपाल सिंह, बसपा जिलाध्यक्ष मदन पॉल, भाजपा जिला कार्यालय प्रभारी नकली सिंह सैनी, संजीव कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button