उत्तराखंड

नेपाल में बाढ़ से हुई जनहानि पर गोर्खाली महिला कल्याण समिति ने जताया शोक

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। गोर्खाली महिला कल्याण समिति एवं गिरवर नाथ जनकल्याण समिति की ओर से हाईवे स्थित श्याम सुंदर भवन में शोक सभा आयोजित की गई। इस दौरान नेपाल में आई भीषण बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। शोक सभा को संबोधित करते हुए गोर्खाली महिला कल्याण समिति के संरक्षक पदम प्रसाद सुबेदी ने कहा कि भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से रसुवा, नुवाकोट और धादिंग क्षेत्रों में भारी तबाही हुई है। बाढ़ के कारण कई घर और अन्य निर्माण बह गए हैं, जिससे बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हुए हैं। समिति की अध्यक्ष पदमा पांडेय और महामंत्री शारदा सुबेदी ने बाढ़ पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

गिरवर नाथ जनकल्याण धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं समाजसेवी कमल खड़का तथा चंपा उपाध्याय ने कहा कि प्राकृतिक आपदा ने प्रभावित परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। कई परिवारों के सामने आशियाना बचाने और सामान्य जीवन दोबारा शुरू करने की चुनौती है। तनुजा पांडेय एवं रेखा शर्मा ने कहा कि दुख की इस घड़ी में सभी को पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए और हरसंभव सहयोग के लिए आगे आना चाहिए। शोक सभा में उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Articles

Back to top button