खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, रिटेल स्टोरों से 19 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शेखर पांडेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की विभिन्न टीमों ने रविवार को जनपद में विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत रिटेल स्टोर, ई-कॉमर्स ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, डेयरी एवं किराना दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों को नोटिस भी जारी किए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में शिवालिक नगर स्थित रिटेल स्टोरों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान देशी घी, मैदा, साबुत काली मिर्च और पोहा के चार नमूने जांच के लिए लिए गए। पोहा निर्माता कंपनी पंसारी इंडस्ट्रीज, नई दिल्ली को लेबल पर निर्माता कंपनी का नाम-पता अंकित न करने, स्कैन कोड में गलत निर्माता का नाम दर्ज होने तथा लेबल पर स्वास्थ्य संबंधी दावे किए जाने के कारण नोटिस जारी किया गया। वहीं, मैदा निर्माता कंपनी ग्रो मोर स्पाइसेज एंड पल्सेस, गुरुग्राम, हरियाणा को लेबल पर एक्सपायरी तिथि अंकित न करने के कारण नोटिस दिया गया।

इसी टीम द्वारा ज्वालापुर, आर्यनगर और रानीपुर मोड़ स्थित रिटेल स्टोरों के साथ ई-कॉमर्स ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जैप्टो के वेयरहाउस का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जैप्टो की ओर से खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके अलावा कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल सहित वेयरहाउस से संबंधित अनिवार्य दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए। कई खाद्य पदार्थों के लेबल पर निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि अपठनीय पाए जाने पर कंपनी को नोटिस जारी किया गया। इस दौरान खाद्य तेल, सूजी, जूस एवं अन्य खाद्य पदार्थों के चार नमूने जांच के लिए लिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडेय ने रुड़की शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में रिटेल स्टोरों एवं किराना दुकानों का निरीक्षण किया। यहां खाद्य तेल, चायपत्ती और देशी घी के तीन नमूने लिए गए। अनियमितताएं पाए जाने तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर दो खाद्य कारोबारकर्ताओं को नोटिस जारी किए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार की टीम ने भगवानपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में रिटेल दुकानों का निरीक्षण किया।

इस दौरान बेसन, सूजी, नमकीन, बिस्कुट, चायपत्ती और खाद्य तेल समेत छह खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने झबरेड़ा एवं नारसन क्षेत्र में रिटेल दुकानों और डेयरियों का निरीक्षण किया। टीम ने मावा और देसी घी के दो नमूने जांच के लिए लिए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, पूरे जनपद में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 19 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



