मुसलमान हमारे भाई, पूजा पद्धति अलग हो सकती है लेकिन रास्ता एक: श्रीमहंत रविंद्रपुरी
मोहन भागवत के अमेरिका में दिए बयान की अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने की सराहना

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के अमेरिका में दिए गए वक्तव्य की सराहना की है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को लेकर संघ प्रमुख का बयान सराहनीय और समाज में आपसी भाईचारे एवं सद्भाव को बढ़ावा देने वाला है। श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि मुसलमान हमारे भाई हैं और सभी मुसलमान सनातन के विरोधी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो सनातन परंपराओं और भारतीय संस्कृति का सम्मान करते हैं। ऐसे में किसी भी समुदाय का विरोध करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मोहन भागवत ने सही कहा है कि पूजा पद्धतियां अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन सभी का मार्ग एक ही है।

समाज में विवाद और वैमनस्य को छोड़कर सभी को आपसी प्रेम, भाईचारे और एकजुटता के साथ रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति उसकी विविधता और सामाजिक समरसता में निहित है तथा सभी वर्गों को मिल-जुलकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना चाहिए।



