नवोदय नगर की बदहाल सड़क और जलभराव को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के नवोदय नगर में बदहाल मुख्य मार्ग और जल निकासी की समस्या को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आवाज उठाई। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को ज्ञापन सौंपकर सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नवोदय नगर में करीब 9 से 10 हजार परिवार रहते हैं और क्षेत्र के अधिकांश लोग इसी मुख्य मार्ग से आवागमन करते हैं। सड़क के दोनों ओर प्रमुख बाजार होने के कारण इसकी बदहाली से स्थानीय लोगों के साथ व्यापारियों को भी परेशानी हो रही है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, मुख्य बाजार मार्ग पिछले दो-तीन वर्षों से जगह-जगह क्षतिग्रस्त है और सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

वहीं, जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक सड़क पर जमा रहता है, जिससे सड़क और अधिक खराब हो रही है। प्रतिनिधिमंडल ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर सड़क और जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण कराने तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी, जिला प्रवक्ता अमित अवस्थी, अक्षय नागपाल, नंद लाल यादव, संदीप भार्गव, मनीष पटेल, तुषार सक्सेना, वासु नौडीयाल, अंकुल गुप्ता, कृष्णा यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



