फौजी के घर से 28 लाख के जेवर और 90 हजार नकदी चोरी
छत के रास्ते घर में घुसे बदमाश, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

कलयुग दर्शन (24×7)
संदीप कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र के मुंडाखेड़ा कला गांव में चोरों ने फौजी के घर को निशाना बनाकर करीब 28 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 90 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। मुंडाखेड़ा कला निवासी नवीन फौज में सेवारत हैं और वर्तमान में केरल में ड्यूटी पर तैनात हैं। घर पर उनके पिता प्रेम सिंह रहते हैं। बताया गया कि 30 अगस्त की रात करीब 11 बजे प्रेम सिंह सो गए थे। रात करीब डेढ़ बजे उनकी आंख खुली तो घर के कमरों की लाइट जल रही थी। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे करीब 28 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 90 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। चोरी का पता चलने पर प्रेम सिंह ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

सूचना पर 112 की टीम के माध्यम से पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे। पीड़ित ने लक्सर कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरी के बाद बदमाश किस रास्ते से फरार हुए। लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।



