जनसुनवाई में 44 शिकायतें दर्ज, 26 का मौके पर निस्तारण, डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 44 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 26 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के लिए भेजा गया। जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड सहित विभिन्न समस्याएं सामने आईं। औरंगाबाद निवासी योगेंद्र कुमार ने खेत के सामने सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। सुमन नगर निवासी कमलेश उप्रेती ने भारी बारिश के कारण घर के आसपास हुए जलभराव की समस्या का समाधान कराने का अनुरोध किया। औरंगाबाद निवासी प्रमोद कुमार ने पड़ोसियों द्वारा मकान निर्माण में बाधा डालने की शिकायत की। नारसन, रुड़की निवासी ओमकार ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत स्थापित 25 किलोवॉट सौर ऊर्जा संयंत्र के ऋण और ब्याज की माफी की मांग की। रावली महदूद के ब्रह्मपुरी गांव निवासी कमलेश ने मंदिर के पास संचालित शराब की दुकान को बंद कराने की मांग की। वहीं, पुरनपुर साल्हापुर निवासी बबिता ने 27 अगस्त को हुई भारी बारिश से क्षतिग्रस्त मकान का मौका मुआयना कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से मौके पर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण
बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान एल-1 स्तर पर 413 तथा एल-2 स्तर पर 120 शिकायतें लंबित पाई गईं। संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चन्द, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, डीपीआरओ मुस्तफा खां, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, नोडल स्वजल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान विपिन चौहान, परियोजना अधिकारी उरेडा युद्धवीर सिंह बिष्ट सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।



