खड़गे की रैली के बाद मंच के ‘शुद्धिकरण’ पर कांग्रेस का प्रदर्शन

कलयुग दर्शन (24×7)
विनय कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ दलित नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर जिला महानगर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए हरिद्वार कोतवाली पहुंचकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को तहरीर दी। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि यदि मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना जातिगत मानसिकता के कारण की गई है तो यह केवल मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान नहीं, बल्कि संविधान, सामाजिक समानता और देश के करोड़ों दलितों के सम्मान पर चोट है। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संजय पालीवाल, संतोष चौहान और युवा नेता वरुण बालियान ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा, प्रदेश कांग्रेस सचिव प्रदीप चौधरी, पूर्व सभासद अशोक शर्मा और महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव ने कहा कि मामला केवल कांग्रेस से जुड़ा नहीं है, बल्कि संविधान, सामाजिक न्याय और प्रत्येक नागरिक के समान अधिकार से संबंधित है। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि एक वरिष्ठ दलित नेता की मौजूदगी के बाद मंच के ‘शुद्धिकरण’ की आवश्यकता क्यों महसूस की गई। प्रदेश कांग्रेस महासचिव मकबूल कुरैशी और एससी-एसटी कांग्रेस जिलाध्यक्ष तीर्थ पाल रवि ने कहा कि मंच के बजाय जातिवादी और सामंती सोच का ‘शुद्धिकरण’ करने की जरूरत है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में वीरेंद्र श्रमिक, नितिन तेश्वर, अंजू मिश्रा, नलिनी दीक्षित, पार्षद सोहित सेठी, विवेक भूषण विक्की समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



