सड़क पर हंगामा और मारपीट करने वाले नौ लोग हिरासत में
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सिडकुल पुलिस ने की कार्रवाई

कलयुग दर्शन (24×7)
रजत कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। थाना सिडकुल क्षेत्र में सड़क पर सरेआम हंगामा और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने नौ लोगों को हिरासत में लेकर चालान की कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की। पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को सिडकुल क्षेत्र में कुछ महिला और पुरुष सड़क पर हंगामा करते हुए आपस में मारपीट कर रहे थे। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके नहीं मानने पर नौ लोगों को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की गई।

हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान शिवम, गौरव गुप्ता, गौतम कश्यप, शानू, एक महिला, शिवा कश्यप, ओम गुप्ता, सूरज और एक अन्य महिला के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इनमें अधिकांश लोग सिडकुल क्षेत्र के रावली महदूद, ब्रह्मपुरी और महादेवपुरम में रह रहे हैं, जबकि उनके मूल पते बिजनौर, हरदोई, लखीमपुर खीरी और सीतापुर जिले के बताए गए हैं।



