होटल स्वामी पर फायरिंग का खुलासा, 22 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
खाने-पीने को लेकर हुए विवाद की रंजिश में रची थी हमले की साजिश, 12 बोर का तमंचा बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। कलियर थाना क्षेत्र में होटल स्वामी पर तमंचे से फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 22 वर्षीय आरोपी विशु सैनी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का तमंचा भी बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, होटल स्वामी के साथ खाने-पीने को लेकर हुए विवाद की रंजिश में आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसे सबक सिखाने की योजना बनाई थी। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
ढाबे के पास की गई थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को बेड़पुर कलियर निवासी सुहेब ने थाना कलियर में तहरीर देकर बताया था कि त्यागी ढाबा, बेड़पुर चौक के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग की। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। तहरीर के आधार पर थाना कलियर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

डिजिटल और मैनुअल साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत विशेष टीम गठित की। टीम ने डिजिटल साक्ष्यों के साथ मैनुअल स्तर पर भी जांच शुरू की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान घटना में विशु सैनी का नाम सामने आया। पुलिस टीम ने आरोपी विशु सैनी पुत्र अरुण कुमार, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम गुम्मावाला, थाना पिरान कलियर, हरिद्वार को खादरवाली रोड से हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का तमंचा बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के पीछे होटल स्वामी के साथ खाने-पीने को लेकर हुआ पुराना विवाद और उससे उपजी रंजिश सामने आई है। आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर होटल स्वामी को सबक सिखाने की योजना बनाई थी। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।



