हरित हरिद्वार अभियान की अवधि 15 सितंबर तक बढ़ी, मिशन मोड में होगा वृक्षारोपण
शिक्षक दिवस पर सभी विद्यालयों में चलेगा “एक पेड़ गुरु के नाम” अभियान, कुंभ के मद्देनजर ऑक्सीजन लेन विकसित करने पर जोर

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में संचालित हरित हरिद्वार अभियान की समीक्षा मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में हुई। मेलाधिकारी कुंभ श्रीमती सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की पहल पर अभियान की अवधि 15 सितंबर 2026 तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों को मानसून अवधि समाप्त होने से पहले मिशन मोड में अधिक से अधिक पौधारोपण कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने तथा आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वन विभाग एवं एचआरडीए की ओर से बताया गया कि जनपद में सजावटी एवं विभिन्न वन प्रजातियों के पर्याप्त पौधे उपलब्ध हैं, जिन्हें जरूरत के अनुसार विभागों को उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज विभाग तथा शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों के माध्यम से पौधारोपण अभियान को गति देने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर “एक पेड़ गुरु के नाम” अभियान के तहत सभी विद्यालयों में विशेष पौधारोपण कराया जाएगा। इसके लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी को सभी विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कराने तथा संबंधित विभागों के माध्यम से पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत नगर क्षेत्रों में आंवला, पीपल, नीम और बरगद जैसे ऑक्सीजन प्रदान करने वाले पौधों का रोपण कर ऑक्सीजन लेन विकसित करने की योजना पर भी चर्चा की गई। बैठक में सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि पौधारोपण की जानकारी और फोटो अनिवार्य रूप से ‘हरित हरिद्वार एप’ पर अपलोड करें। बैठक में जिला प्रोवेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



