यूजीसी के प्रस्तावित प्रावधानों के विरोध में स्वर्ण समाज की महासभा
आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग, बहादराबाद टोल प्लाजा पर प्रदर्शन; एडीएम ने लिया ज्ञापन

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। यूजीसी से संबंधित प्रस्तावित प्रावधानों को वापस लेने और आरक्षण व्यवस्था में आवश्यक सुधार की मांग को लेकर रविवार को बहादराबाद में स्वर्ण समाज की महासभा आयोजित की गई। महासभा में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। वक्ताओं ने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। क्षत्रिय चौहान महासभा, हरिद्वार के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि समाज की मांग किसी वर्ग के विरोध में नहीं है, बल्कि ऐसी व्यवस्था की मांग की जा रही है जो समानता, निष्पक्षता और सभी वर्गों को समान अवसर देने के सिद्धांत पर आधारित हो। वरिष्ठ अधिवक्ता उत्तम सिंह चौहान ने आरक्षण व्यवस्था की विसंगतियों का तार्किक और न्यायसंगत समाधान किए जाने की मांग की। उन्होंने यूजीसी से जुड़े प्रस्तावित प्रावधानों पर भी पुनर्विचार की मांग उठाई। अमरदीप सिंह रॉबिन ने कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्ति या सरकार विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि उन नीतियों और कानूनों के खिलाफ है, जिन्हें समाज अपने प्रति भेदभावपूर्ण मानता है। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक आधार पर सुविधाएं एवं आरक्षण देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर आंदोलन को चरणबद्ध और संगठित तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। महासभा में आंदोलन को गांव-गांव और शहर के मोहल्लों तक पहुंचाने के लिए स्थानीय इकाइयां गठित करने तथा समन्वय समिति बनाने पर जोर दिया गया।

साथ ही प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरण अभियान चलाने की बात कही गई। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि आंदोलन का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में प्रचार करना नहीं है। महासभा के बाद समाज के लोग एकजुट होकर बहादराबाद टोल प्लाजा पहुंचे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने की मांग की। बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने से बहादराबाद हाईवे पर कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना पर एडीएम हरिद्वार मौके पर पहुंचे और समाज के प्रतिनिधियों से ज्ञापन लिया। एडीएम ने कहा कि यूजीसी से संबंधित मामला केंद्र सरकार के स्तर का है। ज्ञापन को उचित माध्यम से केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाएगा और इस संबंध में अंतिम निर्णय केंद्र सरकार द्वारा ही लिया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन हिमांशु चौहान ने किया। इस दौरान एडवोकेट उत्तम चौहान, बलवंत सिंह चौहान, राजेंद्र चौहान, रविंद्र सिंह, आनंद स्वरूप महाराज, शेर सिंह राणा, कार्तिक गिरी महाराज, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप चौहान, प्रधान चंदन चौहान, प्रधान नीरज चौहान, प्रधान अश्वनी चौहान, पार्षद रॉबिन सिंह, बसंत चौहान, अरुण शर्मा समेत बड़ी संख्या में समाजसेवी एवं स्वर्ण समाज के लोग मौजूद रहे।



