गंगनहर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, 960 नशीले कैप्सूल व 500 अल्प्राजोलाम टैबलेट बरामद
दो आरोपी गिरफ्तार, नशे के अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी पुलिस

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंगनहर पुलिस और एएनटीएफ हरिद्वार की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 960 नशीले कैप्सूल और 0.5 मिलीग्राम की 500 अल्प्राजोलाम टैबलेट बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, गंगनहर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान विनिश परमार के कब्जे से एक थैले में 960 नशीले कैप्सूल और 500 अल्प्राजोलाम टैबलेट बरामद हुईं। पूछताछ के दौरान नशीली दवाओं की बिक्री में बंटी उर्फ सुमित की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली गंगनहर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनिश परमार निवासी शिवपुर, देवबंद, सहारनपुर और बंटी उर्फ सुमित निवासी मुबारिकपुर अलीपुर, लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगालने के साथ ही नशीली दवाओं के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।



