प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद बेचने वालों पर पुलिस का शिकंजा
ऑपरेशन प्रहार के तहत खड़खड़ी, भूपतवाला और भीमगोड़ा में छापेमारी, दुकानदारों के काटे चालान

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शुक्रवार को ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने खड़खड़ी, भूपतवाला, भीमगोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर दुकानों की जांच की। इस दौरान प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने अभियान के दौरान प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद बेचते पाए गए दुकानदारों के विरुद्ध सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) के तहत चालान किए। साथ ही दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि वे भविष्य में प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री न करें और नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री करते हुए दोबारा पकड़े जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य प्रतिबंधित उत्पादों की अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करना है। हरिद्वार पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने दुकानदारों से नियमों का पालन करने और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री से दूर रहने की अपील की है।



