उत्तर प्रदेश

सहारनपुर में 50 लाख की स्मैक के साथ महिला गिरफ्तार

कुतुबशेर पुलिस और मिशन शक्ति एंटी रोमियो टीम की संयुक्त कार्रवाई, ऑपरेशन सवेरा के तहत नशा तस्करी पर शिकंजा

कलयुग दर्शन (24×7)

हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)

सहारनपुर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कुतुबशेर पुलिस और मिशन शक्ति एंटी रोमियो टीम की संयुक्त पुलिस टीम ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 251 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देश पर सहारनपुर परिक्षेत्र के तीनों जनपदों में मादक पदार्थों की तस्करी, प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री और नशे के अवैध कारोबार की रोकथाम के लिए ‘ऑपरेशन सवेरा : नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण तथा थाना कुतुबशेर के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग और गश्त कर रही थी।

इसी दौरान रामगढ़ नहर से बालिया के भट्टे की ओर जाने वाले रास्ते के पास से चांदनी पत्नी नौशाद, निवासी लहियागढ़, थाना कुतुबशेर, सहारनपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिला के कब्जे से कुल 251 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है। मामले में थाना कुतुबशेर पर मुकदमा अपराध संख्या 485/26 के तहत धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकों की जांच की जा रही है। गिरफ्तार महिला के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button