उत्तराखंड

प्रताड़ना से परेशान युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान

सुसाइड नोट में युवती और उसकी मां पर लगाए आरोप, पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

कलयुग दर्शन (24×7)

रजत कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में कथित प्रताड़ना से परेशान होकर 24 वर्षीय युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की जेब से मिले सुसाइड नोट में एक युवती और उसकी मां पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। मृतक के पिता की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव निवासी अजय कुमार (24) ने शनिवार को गांव से बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर एक ग्रामीण ने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन अजय को कनखल स्थित रामकृष्ण परमहंस अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद शनिवार रात करीब दस बजे उसकी मौत हो गई। बताया गया कि उपचार के दौरान युवक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए एक युवती और उसकी मां को जिम्मेदार ठहराया है।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता अनिल कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि संबंधित युवती और उसकी मां उनके बेटे को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थीं। इसी से परेशान होकर अजय ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। पिता ने दोनों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि इस्माइलपुर निवासी अजय पुत्र अनिल कुमार की जहरीले पदार्थ का सेवन करने से मौत हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती और उसकी मां पर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button