एक साथ जलीं सात चिताएं, चंडीघाट पर गूंज उठीं चीखें; हादसे ने उजाड़ दिए कई परिवार

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाली सात महिलाओं के शव रविवार को हरिद्वार लाए गए। चंडीघाट पर सातों महिलाओं का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। एक ही गांव की सात महिलाओं की चिताएं एक साथ जलती देख घाट पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे घाट पर शोक की लहर छाई रही। हादसे में जान गंवाने वाली सभी सात महिलाएं एक ही गांव की रहने वाली थीं और आपस में रिश्तेदार थीं। एक साथ सात महिलाओं की मौत से गांव के कई परिवारों में मातम पसरा हुआ है। महिलाओं के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार हरिद्वार पहुंचे। जैसे ही सातों महिलाओं की अर्थियां चंडीघाट पहुंचीं, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। अपने ही परिवार और गांव की महिलाओं को एक साथ अंतिम विदाई देते समय कई परिजन खुद को संभाल नहीं सके। घाट पर मौजूद लोगों ने दुखी परिजनों को ढांढस बंधाया। गौरतलब है कि 28 नवंबर को पौड़ी जिले के रिखणीखाल से भंगलवाड़ जा रही एक इको वैन करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी।

हादसे के समय वाहन में चालक सहित 12 लोग सवार थे। दुर्घटना में चालक समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। मृतकों में सात महिलाएं शामिल थीं, जो एक ही गांव की रहने वाली थीं। बताया गया कि सभी महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई थीं और बैंक में बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरने के लिए गई थीं। काम पूरा करने के बाद सभी महिलाएं वाहन से वापस गांव लौट रही थीं, तभी रास्ते में उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई थी। गांव में करीब 20 से 25 परिवार रहते हैं। सात महिलाओं की एक साथ मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में इससे पहले कभी इतनी बड़ी हृदयविदारक घटना नहीं हुई। एक साथ कई परिवारों की खुशियां उजड़ गईं। रविवार को चंडीघाट पर सातों महिलाओं का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। सात चिताओं की उठती लपटें और अपनों को खोने का दर्द वहां मौजूद लोगों को झकझोर गया। यह हादसा गांव के लोगों के लिए जिंदगीभर न भूल पाने वाला दुख बन गया।



