नेहरू स्टेडियम में सजेगा दो दिवसीय श्याम महोत्सव, 12 कन्याओं का होगा सामूहिक विवाह

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
रुड़की। श्री श्याम मित्र मंडल समिति (रजि.) की ओर से नेहरू स्टेडियम में दो दिवसीय 34वें वार्षिक श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के तहत धार्मिक कार्यक्रमों, भव्य श्याम बाबा यात्रा, सामूहिक विवाह और भजन संध्या का आयोजन होगा। समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव के पहले दिन श्याम बाबा की भव्य यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद शाम को 12 कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। वहीं, एक दिसंबर को आयोजित होने वाली भव्य भजन संध्या में देश के प्रसिद्ध भजन गायक बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। समिति की ओर से पूर्व मेयर गौरव गोयल, इंजीनियर चैरब जैन, गौरव कौशिक, नितिन गोयल एवं समिति अध्यक्ष राहुल बंसल ने बताया कि श्री श्याम मित्र मंडल समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी 34वें वार्षिक श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव को भव्य रूप से मनाया जा रहा है।

एक दिसंबर को होने वाली भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक बृजराज सिंह, अनुष्का-अधिष्ठा, दिनेश बजरंगी और राजेश गोयल ‘रिंकू’ सहित अन्य कलाकार सुंदर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे। उन्होंने बताया कि महोत्सव को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की गई है। इस अवसर पर संयोजक अंकुर गोयल, कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, सचिव योगेश गर्ग, संदीप गोयल, पंकज सिंघल, सुल्तान यादव, आनंद पाल और शुभम गोयल सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।



