उत्तराखंड

हरिद्वार सीट से भाजपा टिकट की दावेदारी करेंगे महामंडलेश्वर संतोषानंद देव

संतों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की उठी मांग, स्वामी नागेंद्र महाराज ने किया समर्थन

कलयुग दर्शन (24×7)

राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)

हरिद्वार। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हरिद्वार नगर सीट पर भाजपा के टिकट की दावेदारी को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है। भाजपा से चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों में अब संत समाज के प्रतिनिधियों के नाम भी सामने आने लगे हैं। निरंजनी अखाड़े के श्रीमहंत राजगिरी महाराज के बाद अब अवधूत मंडल आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी संतोषानंद देव महाराज ने भी हरिद्वार नगर सीट से भाजपा टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। वह जल्द ही भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर अपनी दावेदारी रखेंगे। महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी संतोषानंद देव महाराज ने कहा कि राजसत्ता धर्मसत्ता के बिना अधूरी है। संतों का राजनीति में आना कोई नई बात नहीं है। संत समाज भी जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करना चाहता है। जिस प्रकार राजनेता जनसेवा के उद्देश्य से राजनीति में आते हैं, उसी प्रकार संत भी गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद कर समाज के कल्याण में अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद जनसेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है। हरिद्वार नगर विधानसभा क्षेत्र में संत समाज की बड़ी उपस्थिति है।

ऐसे में भाजपा को इस सीट से संत समाज के किसी प्रतिनिधि को प्रत्याशी बनाने पर विचार करना चाहिए, ताकि धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र में संतों के अनुभव का लाभ जनता को मिल सके। वहीं, संत समाज में भी संतों की राजनीतिक दावेदारी को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। शिवालय निकेतन धाम के परमाध्यक्ष स्वामी नागेंद्र महाराज ने हरिद्वार नगर सीट से संत समाज के प्रतिनिधियों की दावेदारी का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार विश्व की आध्यात्मिक राजधानी और संतों की नगरी है। ऐसे में यहां की राजनीति में संत समाज को भी उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। स्वामी नागेंद्र महाराज ने कहा कि संत-महंत अपने श्रद्धालुओं के साथ-साथ समाज के जरूरतमंद और वंचित लोगों के लिए भी बेहतर कार्य करने की क्षमता रखते हैं। महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद देव महाराज और श्रीमहंत राजगिरी महाराज दोनों ही विद्वान एवं अनुभवी संत हैं। भाजपा यदि इन दोनों में से किसी को भी अवसर देती है तो संत समाज की भावनाओं को प्रतिनिधित्व मिलेगा और धार्मिक मर्यादाओं के अनुरूप हरिद्वार के विकास को नई दिशा मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button