हरिद्वार की सभी 11 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी, शेर सिंह राणा ने किया ऐलान

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। भाजपा और कांग्रेस के बाद अब राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी (सत्य) ने भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी शुरू कर दी है। रविवार को ऋषिकुल मैदान में आयोजित राष्ट्रवादी महासम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक शेर सिंह राणा ने हरिद्वार जिले की सभी 11 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने की घोषणा की। उन्होंने स्वयं भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए कहा कि पार्टी उन्हें जहां से प्रत्याशी बनाएगी, वह वहां से चुनाव मैदान में उतरेंगे। महासम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शेर सिंह राणा ने कहा कि पार्टी युवा, किसान, रोजगार और ग्रामीणों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में सरकारें बदलती रही हैं, लेकिन आम जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के उद्योगों में स्थानीय युवाओं को केवल श्रमिक के रूप में ही नहीं, बल्कि प्रबंधन स्तर पर भी रोजगार के अवसर मिलने चाहिए। पार्टी की ओर से उद्योगों में प्रबंधन स्तर के 70 प्रतिशत पद स्थानीय युवाओं के लिए आरक्षित करने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही किसानों को कृषि कार्य के लिए मुफ्त बिजली देने और चीनी मिलों का संचालन शुरू होने से पहले गन्ने का उचित मूल्य घोषित करने की मांग भी रखी। शेर सिंह राणा ने कहा कि हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विस्थापितों और ग्रामीणों को उनकी जमीन पर भूमिधरी का अधिकार मिलना चाहिए।

खादर क्षेत्र के लोगों को खनन कार्यों में हिस्सेदारी देने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को उनके अधिकारों और रोजगार से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में पर्याप्त खेल मैदान और अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसके चलते भर्ती परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को सड़कों और हाईवे के किनारे अभ्यास करना पड़ता है। उन्होंने युवाओं के लिए बेहतर खेल सुविधाएं और प्रशिक्षण के उचित अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई।
तीन विधानसभा और पांच जिला पंचायत सीटों पर लड़ चुकी है चुनाव
शेर सिंह राणा ने बताया कि पिछले चुनाव में पार्टी ने हरिद्वार जिले की तीन विधानसभा सीटों और जिला पंचायत की पांच सीटों पर चुनाव लड़ा था। जिला पंचायत के वार्ड संख्या 44 से पार्टी प्रत्याशी रविपाल सैनी ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी जिले की सभी 11 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। स्वयं चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें जिस विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित करेगी, वह वहीं से चुनाव लड़ेंगे। महासम्मेलन के माध्यम से पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संदेश दिया।



