उत्तराखंड

अखाड़ा विवाद शांत कराने को श्रीमहंत राजेंद्रदास ने की पहल

स्वामी करौली शंकर और अखाड़े के संतों से संयमित बयानबाजी व मर्यादा बनाए रखने की अपील

कलयुग दर्शन (24×7)

राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)

हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन के संतों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने के लिए श्री अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री एवं श्रीपंच निर्मोही अनी अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत राजेंद्रदास महाराज ने पहल की है। उन्होंने स्वामी करौली शंकर महाराज और अखाड़े के संतों से संयम बरतने, आपत्तिजनक बयानबाजी से बचने तथा संत परंपरा और अखाड़ों की मर्यादा का सम्मान करने की अपील की है। श्रीमहंत राजेंद्रदास महाराज ने कहा कि संत समाज में आपसी सम्मान, सौहार्द और मर्यादा का विशेष महत्व है। अखाड़ा परंपरा में महामंडलेश्वर का पद महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित होता है। यदि कोई महामंडलेश्वर अपनी इच्छा अथवा व्यक्तिगत परिस्थितियों के चलते अखाड़ा छोड़ने का निर्णय लेता है, तो यह उसका व्यक्तिगत निर्णय है। ऐसे निर्णय के बाद किसी के प्रति अनुचित टिप्पणी या अपमानजनक बयान देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि अखाड़े ही संतों को आचार्य, महामंडलेश्वर और महंत जैसे प्रतिष्ठित पदों से सम्मानित करते हैं। इसलिए प्रत्येक संत का दायित्व है कि वह अखाड़ों की गरिमा, परंपरा और मर्यादा का सम्मान करे तथा किसी भी विवाद को सार्वजनिक बयानबाजी के बजाय संयम और संवाद के माध्यम से सुलझाने का प्रयास करे।

श्रीमहंत राजेंद्रदास महाराज ने स्वामी करौली शंकर महाराज का उल्लेख करते हुए कहा कि वह सरल, विद्वान और सम्मानित संत हैं। किसी भी विषय पर सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया देने से पहले तथ्यों को समझना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वामी करौली शंकर महाराज ने श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन से स्वयं त्यागपत्र दिया है। अखाड़े की ओर से उन्हें निष्कासित नहीं किया गया और न ही उनके खिलाफ कोई अपमानजनक टिप्पणी की गई है। ऐसे में उन्हें भी अखाड़े के प्रति संयमित व्यवहार रखते हुए संत परंपरा का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने अखाड़े के संतों और महंतों से भी स्वामी करौली शंकर महाराज के प्रति किसी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं करने की अपील की। श्रीमहंत राजेंद्रदास महाराज ने कहा कि सभी 13 अखाड़े और उनके संत-महापुरुष समाज के लिए पूजनीय हैं। संत समाज की एकता, आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। संतों के बीच परस्पर सम्मान और सद्भाव ही अखाड़ों की परंपरा तथा संत समाज की वास्तविक पहचान है।

Related Articles

Back to top button