उत्तराखंड

गत्ते की फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का माल जलकर राख

घनी आबादी के बीच लगी आग से मची अफरा-तफरी, ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

कलयुग दर्शन (24×7)

संदीप कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ में रविवार सुबह घनी आबादी के बीच स्थित प्रगति पैकेजिंग फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब सात बजे लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री से उठते काले धुएं के गुबार और आसमान छूती आग की लपटों को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। आग लगने की सूचना मिलते ही बहादराबाद फायर यूनिट की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन घनी आबादी और संकरी सड़कों के कारण दमकल कर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान आग लगातार फैलती रही। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के ग्रामीण भी अपने स्तर से आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने करीब ढाई घंटे तक कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक फैक्ट्री में रखा तैयार माल, कच्चा माल और मशीनें जलकर राख हो चुकी थीं।

अग्निकांड में फैक्ट्री संचालक को लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि फैक्ट्री में गत्ते के बॉक्स बनाने का काम किया जाता था। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फायर यूनिट प्रभारी गननाथ सिंह ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी। राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई।

Related Articles

Back to top button