उत्तराखंड

हरिद्वार में लूट की वारदात का पांच घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

धनपुरा में दो युवकों से मारपीट कर लूटे थे आभूषण और मोबाइल, शत-प्रतिशत सामान बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के धनपुरा में दो युवकों के साथ मारपीट कर लूटपाट करने के मामले में हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज पांच घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सभी आभूषण और दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, ज्वालापुर थाना क्षेत्र के दयानंद नगरी, वानप्रस्थ गेट, कनखल रोड निवासी नीरज चौहान ने थाना पथरी में तहरीर देकर बताया कि वह अपने दोस्त नवलदीप निवासी कनखल के साथ किसी काम से धनपुरा आया था। इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्तियों ने दोनों के साथ मारपीट की और दो सोने की अंगूठियां, एक चांदी की चेन, एक चांदी का कड़ा, एक चांदी का लॉकेट तथा दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।

टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर लक्सर रोड स्थित रविदास मंदिर के पास से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लूटे गए सभी आभूषण और दोनों मोबाइल फोन बरामद हुए। पीड़ितों ने बरामद सामान की पहचान की और आरोपियों को भी पहचान लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण कुमार (24) पुत्र प्रेम सिंह, रितिक (22) पुत्र जगदीश, निवासी टांडा भागमल, थाना लक्सर तथा विशाल (19) पुत्र अमरीश, निवासी शाहपुर, थाना पथरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों का चालान कर दिया है।

Related Articles

Back to top button