रामलीला में सीता की खोज, शबरी भक्ति और बाली वध की लीला का मंचन
भगवान श्रीराम के आदर्श अपनाकर आदर्श समाज के निर्माण में सहयोग करें: नितिन गौतम

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। श्री रामलीला समिति लक्कड़हारान, ज्वालापुर के रंगमंच पर सीता की खोज, जटायु उद्धार, राम-शबरी संवाद, राम-सुग्रीव मित्रता और बाली वध की लीलाओं का भावपूर्ण मंचन किया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम एवं लक्ष्मण की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री एवं श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने कहा कि भगवान श्रीराम का चरित्र मर्यादा, कर्तव्य और धर्म का संदेश देता है। सभी को उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए आदर्श समाज के निर्माण में सहयोग करना चाहिए। समाजसेवी पराग चाकलान अपनी पत्नी अनु चाकलान और पुत्र विश्वा चाकलान के साथ आरती में शामिल हुए। पराग चाकलान ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन प्रत्येक व्यक्ति को मर्यादा, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। वर्षों से आयोजित हो रही रामलीला हरिद्वार की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने तथा युवा पीढ़ी से रामलीला के मंचन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

साथ ही समिति के पदाधिकारियों का आभार जताया। रामलीला के दौरान कलाकारों ने जटायु के बलिदान, शबरी की भक्ति और बाली वध के प्रसंगों को प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से जीवंत कर दिया। दर्शकों ने कलाकारों के अभिनय की सराहना की। इस अवसर पर घाट व्यवस्था सचिव वीरेंद्र कौशिक, उपाध्यक्ष मनोज झा, भागवताचार्य करुणेश मिश्रा, अखिलेश शास्त्री, अश्वनी ख्यालीके, प्रेम त्रिपाठी, श्वेतांक त्रिपाठी, बृजमोहन भक्त, शिवांश झा, सक्षम कौशिक और सिराज बंधु पंचायत के कलाकारों सहित समिति के संरक्षक राम सरदार, नरेंद्र अधिकारी, अनिल सिखौला, मंत्री प्रदीप पत्थरवाले, अध्यक्ष नितिन अधिकारी, निर्देशक दुष्यंत कुएंपेवाले, संयोजक मधुसूदन हेम्मनके, कोषाध्यक्ष शोभित खेड़ेवाले, प्रबंधक उदित वशिष्ठ, स्वागतमंत्री सत्यम अधिकारी तथा अन्य पदाधिकारी, सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



