कोर्ट में खुद को वकील का जूनियर बताकर अपने ही मुकदमे की फाइल ले उड़ा युवक
प्रधान कुटुंब न्यायालय में मूल दस्तावेज चोरी होने का मामला, सिडकुल पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। हरिद्वार के प्रधान कुटुंब न्यायालय में मुकदमे की पत्रावली से मूल दस्तावेज चोरी होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इसरार नाम का युवक खुद को महिला अधिवक्ता अलविना का जूनियर बताकर अपने ही मुकदमे की फाइल का निरीक्षण करने पहुंचा और मूल दस्तावेज लेकर फरार हो गया। घटना 13 अक्टूबर की बताई जा रही है। न्यायालय की शिकायत पर सिडकुल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। न्यायालय में तैनात आदेशिका वाहक धर्मवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि इसरार नाम का युवक न्यायालय पहुंचा और खुद को अधिवक्ता अलविना का जूनियर बताते हुए रेशमा बनाम इसरार मुकदमे की पत्रावली देखने की बात कही। उसकी बात पर विश्वास करते हुए न्यायालय के कर्मचारियों ने उसे फाइल उपलब्ध करा दी। आरोप है कि युवक ने पत्रावली से मूल दस्तावेज निकाल लिए और खाली कवर टेबल पर छोड़कर वहां से चला गया। कुछ देर बाद कर्मचारियों ने फाइल की जांच की तो उसमें मूल दस्तावेज गायब मिले। इसके बाद युवक की तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। महिला अधिवक्ता अलविना से संपर्क करने पर उन्होंने इसरार नाम के किसी जूनियर के बारे में जानकारी होने से इनकार कर दिया।

अपने ही मुकदमे की पत्रावली ले जाने का आरोप
सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह के अनुसार, न्यायालय की शिकायत पर इसरार के खिलाफ सरकारी दस्तावेज चोरी करने और न्यायालय की कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। बताया गया कि चोरी हुई पत्रावली रेशमा बनाम इसरार के नाम से दर्ज है। फाइल ले जाने वाले युवक ने भी अपना नाम इसरार बताया था। ऐसे में उसके अपने ही मुकदमे से संबंधित दस्तावेज ले जाने का मामला सामने आया है। हालांकि, उसने ऐसा क्यों किया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पति-पत्नी के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद
जानकारी के अनुसार, रेशमा और इसरार के बीच पारिवारिक विवाद का मामला प्रधान कुटुंब न्यायालय में विचाराधीन है। रेशमा पहले भी अपने पति के खिलाफ बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने और प्रताड़ित करने की शिकायत कर चुकी हैं। इसरार लक्सर तहसील के पथरी थाना क्षेत्र स्थित मुस्तफाबाद का निवासी बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



