लक्सर में वाल्मीकि प्रकट उत्सव पर जागृति सम्मेलन आयोजित
धर्मगुरु वीरेश भीम अनार्य ने प्रकट उत्सव मनाने पर दिया जोर, विधायक उमेश कुमार ने धर्मशाला निर्माण का दिया आश्वासन

कलयुग दर्शन (24×7)
संदीप कुमार (संवाददाता)
लक्सर। भगवान वाल्मीकि के करुणा उत्सव (प्रकट उत्सव) के अवसर पर चंदन पैलेस में वाल्मीकि समाज की ओर से जागृति सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में महिला और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर संगठन के राष्ट्रीय प्रमुख धर्मगुरु वीरेश भीम अनार्य का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए धर्मगुरु वीरेश भीम अनार्य ने कहा कि भगवान वाल्मीकि का प्रकट उत्सव साधारण त्योहार नहीं, बल्कि समाज के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि इस उत्सव को बड़े स्तर पर मनाना चाहिए। उन्होंने समाज और परिवार की खुशहाली के लिए शरद पूर्णिमा पर खीर का प्रसाद तैयार कर वितरित करने की परंपरा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि के लिए जयंती के बजाय प्रकट उत्सव शब्द का प्रयोग किया जाना चाहिए, क्योंकि मान्यता के अनुसार भगवान वाल्मीकि प्रकट हुए थे।

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक उमेश कुमार ने कहा कि धर्मगुरु ने समाज को प्रकट उत्सव के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया है। उन्होंने लक्सर क्षेत्र में वाल्मीकि समाज के लिए धर्मशाला बनवाने का आश्वासन दिया। साथ ही वाल्मीकि तीर्थ सीतावनी (रामनगर) के विकास के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री से वार्ता करने की बात कही। इस दौरान समाज के लोगों ने विधायक उमेश कुमार को पगड़ी पहनाकर और फूल-मालाओं से सम्मानित किया। सम्मेलन में संगठन की राष्ट्रीय संचालक राकेश दानव, राष्ट्रीय प्रचार मंत्री कैलाश एकलव्य, राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री सतीश पारछे, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी मुकेश चौधरी, महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष रिंकी, प्रदेश महासचिव विजय अनार्य, यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक बाबू, मुरादाबाद मंडल अध्यक्ष करण कुमार, जिला अध्यक्ष किरेन्दर वाल्मीकि और रामपुर जिला अध्यक्ष जानू चौहान सहित अन्य वक्ताओं ने विचार रखे। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी राजेश उचिया, प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज चंचल, प्रदेश महासचिव प्रवेश डुमरा, प्रदेश प्रचार मंत्री मांगेराम वाल्मीकि, प्रदेश संयुक्त मंत्री मोनू कुमार चांवरिया, जिलाध्यक्ष नीरज वाल्मीकि, जिला महामंत्री बंटी वाल्मीकि, जिला उपाध्यक्ष अक्षय कुमार और जिला सचिव ओमवीर गहलोत सहित अन्य पदाधिकारियों के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम में वाल्मीकि समाज की बालिकाओं ने अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बाहर से आए अतिथियों को स्मृति चिह्न और साफा पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान संगठन में कई नई नियुक्तियां भी की गईं। वीर मास्टर कमल की संगीत पार्टी ने भगवान वाल्मीकि के भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को भावविभोर किया। कार्यक्रम का संचालन मांगेराम वाल्मीकि ने किया, जबकि अध्यक्षता नैनीताल निवासी प्रदेश अध्यक्ष मनोज पवार ने की।



