संसार की परम शक्ति हैं मां भगवती: स्वामी ऋषि रामकृष्ण

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। खड़खड़ी स्थित निर्धन निकेतन आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी ऋषि रामकृष्ण महाराज के संयोजन में आश्रम में आयोजित नवरात्र अनुष्ठान मंगलवार को 101 कन्याओं के पूजन के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए स्वामी ऋषि रामकृष्ण महाराज ने कहा कि नवरात्र शक्ति की आराधना का पर्व है। शक्ति स्वरूपा मां भगवती संसार की परम् शक्ति हैं। जब-जब पृथ्वी पर अत्याचार और अनाचार बढ़ता है तो शक्ति स्वरूपा मां भगवती स्वयं अवतरित होकर अत्याचारियों को दंड देती हैं। उन्होंने कहा कि नवरात्रों में देवी भगवती की विभिन्न नौ स्वरूपों की आराधना का विधान है। देवी भगवती का प्रत्येक स्वरूप परम् कल्याणकारी और शक्ति का प्रतीक है।

नवरात्रों में मां भगवती की आराधना से समस्त भय और नकारात्मकता दूर हो जाती है। सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। जिससे साधक के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। स्वामी ऋषि रामकृष्ण महाराज ने कहा कि केवल देवी भगवती की साधना ही पर्याप्त नहीं है। बल्कि देवी स्वरूपा कन्याओं को शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है। इसलिए नवरात्र उपासना के साथ सभी को कन्याओं के संरक्षण संवर्द्धन का संकल्प भी अवश्य लेना चाहिए।a



