ड्यूटी पर जाते समय हादसे में घायल कांस्टेबल की मौत
एसएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि, पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गए पीछे

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। कोतवाली झबरेड़ा में तैनात कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से हरिद्वार पुलिस परिवार में शोक की लहर है। मंगलवार को एसएसपी हरिद्वार समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत पुलिसकर्मी को शोक सलामी देकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार कोतवाली झबरेड़ा से ड्यूटी के लिए चौकी इकबालपुर जा रहे थे। इसी दौरान सैदाबाद के पास वह सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। उन्हें तत्काल विनय विशाल चिकित्सालय, रुड़की ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। मंगलवार को परिजनों की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत कांस्टेबल को शोक सलामी दी और पुष्पांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी। पुलिसकर्मियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गए पीछे
कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार वर्ष 1998 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के निवासी थे और वर्तमान में परिवार के साथ कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हरिद्वार पुलिस ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।



