शहीद पुलिसकर्मियों को हरिद्वार पुलिस ने दी श्रद्धांजलि
एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों के बलिदान को किया नमन

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। शहीद दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित शहीद स्मारक पर हरिद्वार पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का नेतृत्व एसएसपी नवनीत सिंह ने किया। इस दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया। इसके बाद अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी पुष्पचक्र एवं पुष्प अर्पित कर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। विगत एक वर्ष में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नामों का स्मरण किया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में सेरेमोनियल गार्द ने शोक सलामी दी, जबकि उपस्थित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों का बलिदान सभी को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की प्रेरणा देता है। देश और समाज की सुरक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का साहस एवं समर्पण सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीदों के आदर्शों पर चलते हुए जनसेवा और कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में शहीद पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, कर्तव्यपरायणता और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके बलिदान को नमन किया गया।



