कुंभ-2027 की तैयारियों में तेजी, बाईपास का काम जल्द पूरा करने के निर्देश
मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप और एनएच-74 का किया निरीक्षण

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में स्थायी निर्माण कार्यों के साथ अस्थायी व्यवस्थाओं को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है। मेला प्रशासन ने शिविर स्थलों की साफ-सफाई, समतलीकरण, संपर्क मार्गों, बिजली, पेयजल, अस्थायी बस अड्डों और पार्किंग स्थलों को तैयार करने की गति बढ़ा दी है। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, हरिद्वार बाईपास और राष्ट्रीय राजमार्ग-74 के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप और दक्षद्वीप में शिविरों के लिए भूमि तैयार करने, अस्थायी सड़कों के निर्माण तथा बिजली-पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने दक्षद्वीप में प्रस्तावित अस्थायी बस अड्डे का निर्माण शीघ्र पूरा करने और हद्दीपुर में प्रस्तावित पार्किंग स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों एवं पुलों से संबंधित कार्यों में तेजी लाने को कहा। निरीक्षण के दौरान सोनिका ने एनएचएआई की हरिद्वार बाईपास परियोजना के फ्लाईओवर सहित अन्य कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि बाईपास का निर्माण जल्द पूरा कर कुंभ से पहले यातायात के लिए चालू किया जाए।

एनएच-74 पर अंजनी चौकी के निकट मार्ग के अंतिम छोर को व्यवस्थित करने और आवश्यक साइनेज लगाने को भी कहा, ताकि वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो। मेलाधिकारी ने चिड़ियापुर के निकट फ्लाईओवर के लंबित कार्य को भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए सड़क, पार्किंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय से तैयार की जाएं। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट, अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, राजेश गुप्ता सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं और एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।



